Mobile Phone इसलिए शाओमी ने बंद किया रेडमी नोट 5 प्रो पर कैश ऑन डिलीवरी

Mobile Phone
इसलिए शाओमी ने बंद किया रेडमी नोट 5 प्रो पर कैश ऑन डिलीवरी
शाओमी के लोकप्रिय स्मार्टफोन रेडमी नोट 5 और रेडमी नोट 5 प्रो पिछले महीने लॉन्च हुए थे। भारत में अब तक एक के बाद एक, इनकी 3 सेल आयोजित की जा चुकी हैं। एक तरफ जहां, चंद सेकेंड में ही ये फोन आउट ऑफ स्टॉक हो रहे हैं, वहीं कंपनी के सामने एक नई चुनौती भी खड़ी कर रहे हैं। दरअसल, यह चुनौती शाओमी को किसी कंपनी से नहीं, बल्कि उसी के फोन को दोबारा बेचने वालों (रीसेलर) से मिल रही है। लोग इन फोन को खरीदकर वापस अतिरिक्त प्रीमियम राशि के साथ बेच रहे हैं। रीसेलिंग से बचने के लिए कंपनी ने मंगलवार को रेडमी नोट 5 प्रो पर 'कैश ऑन डिलीवरी' विकल्प खत्म कर दिया। फ्लिपकार्ट और मी.कॉम पर शुरुआती सेल में रेडमी नोट 5 प्रो को कैश ऑन डिलीवरी पेमेंट का विकल्प चुनकर नहीं खरीदा जा सकेगा।

दोबारा बेचने वालों से बचने के लिए 'सीओडी'  विकल्प खत्म करना कितना कारगर साबित होगा, यह वक्त बताएगा। अभी दोबारा बेचने की मंशा के साथ कुछ लोग फोन ऑर्डर कर देते हैं। अगर वे इन्हें रीसेल नहीं कर पाते, तो ऑर्डर कैंसल कर देते हैं। इस तरह असल ग्राहकों तक फोन पहुंच नहीं पाते, जिससे यूज़र को आखिरी में निराशा हाथ लगती है।  दरअसल, प्रीपेड ऑर्डर को कैंसल करना भी बेहद आसान है, जिसका फायदा रीसेलर उठा सकते हैं। कुछ तकनीक के जानकारों का यह भी मानना है कि अगर कंपनी 'ऐप ऑन्ली' का विकल्प दे दे, तो इस स्थिति से बचा जा सकता है। जो लोग स्क्रिप्ट (कोडिंग) के ज़रिए फोन बुक कर लेते हैं, उन पर भी इस विकल्प के ज़रिए लगाम लगेगी।


कंपनी ने मी कम्युनिटी फोरम पर एक बयान जारी कर कहा, ''हमने अपने सभी माध्यमों पर होने वाली अनाधिकृत पुनर्बिक्री की भर्त्सना करते हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।'' इसके अलावा शाओमी ने मी.कॉम पर संदिग्ध कूपन व सीओओडी ऑर्डर पर भी शिकंजा कसा है।

शाओमी रेडमी नोट 5 प्रो के स्पेसिफिकेशन


रेडमी नोट 5 की तरह डुअल सिम शाओमी रेडमी नोट 5 प्रो एंड्रॉयड नूगा पर आधारित मीयूआई 9 पर चलता है। इसमें भी 5.99 इंच का फुल-एचडी+ (1080x2160 पिक्सल) डिस्प्ले है। स्क्रीन 18:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली है। फोन को रफ्तार देने का काम करता है 1.8 गीगाहर्ट्ज़ वाला स्नैपड्रैगन 636 प्रोसेसर है। ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 509 जीपीयू इंटिग्रेटेड है। रैम के दो विकल्प हैं- 4 जीबी  या 6 जीबी। इस हैंडसेट में भी फिंगरप्रिंट सेंसर पिछले हिस्से पर है।


Xiaomi Redmi Note 5 प्रो में डुअल रियर कैमरा सेटअप है। पिछले हिस्से पर एफ/2.2 अपर्चर वाला 12 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा है। इसके साथ जुगलबंदी में मौज़ूद है एफ/2.0 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल वाला सेंसर। डुअल रियर कैमरा सेटअप के साथ एलईडी फ्लैश मॉड्यूल दिया गया है। फ्रंट पैनल पर 20 मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स376 सेंसर है। हाल में कंपनी ने अपडेट के ज़रिए हैंडसेट के यूज़र को फेस अनलॉक फीचर की सुविधा भी दी है। शाओमी रेडमी नोट 5 प्रो के दोनों वेरिएंट में स्टोरेज 64 जीबी है और ज़रूरत पड़ने पर माइक्रोएसडी कार्ड भी इस्तेमाल करना संभव है।


शाओमी रेडमी नोट 5 प्रो के कनेक्टिविटी फीचर में 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11 बी/जी/एन, ब्लूटूथ, 3.5 एमएम हेडफोन जैक और माइक्रो-यूएसबी शामिल हैं। बैटरी 4000 एमएएच की है। इसके बारे में लगातार 14 घंटे तक के वीडियो प्लेबैक का दावा है। इसका डाइमेंशन 158.6x75.4x8.05 मिलीमीटर है और वज़न 181 ग्राम।

Comments

Popular posts from this blog

Download Windows 7 All in One March 2018 Edition

Echo Dot - Voice control your music, Make calls, Get news, weather & more - White